ब्रेकिंग न्यूज

Madhya Pradesh

मुंबई में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का हिस्सा ऑटो पर गिरा, कई घायल

15-Feb-2026
मुंबई। ( शोर संदेश ) महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के व्यस्त एलबीएस रोड स्थित मुलुंड पश्चिम इलाके में दोपहर करीब 12:20 बजे निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना के तहत एक पिलर का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। घटना जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिलर का सीमेंट स्लैब टूटकर सीधे नीचे खड़े एक ऑटो रिक्शा पर आ गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ऑटो में सवार तीन से चार लोग घायल हुए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, स्थानीय वार्ड कर्मी और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था। मलबा हटाने का काम जारी है और पूरे इलाके को घेरकर यातायात डायवर्ट कर दिया गया है, ताकि किसी और तरह की दुर्घटना न हो।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पिलर का हिस्सा किस कारण से टूटा। पुलिस और संबंधित एजेंसियां निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच कर रही हैं।















 

प्रयागराज में भारतीय वायुसेना का प्रशिक्षण विमान तालाब में गिरा, दोनों पायलट सुरक्षित

22-Jan-2026
नई दिल्ली। ( शोर संदेश ) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भारतीय वायुसेना का एक प्रशिक्षण माइक्रोलाइट विमान उड़ान के दौरान अचानक नियंत्रण खो बैठा और शहर के बीचोंबीच, केपी कॉलेज के पीछे बने तालाब में जा गिरा। विमान गिरते ही जोरदार धमाके जैसी आवाज हुई, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक, विमान ने शुरुआत में सामान्य तरीके से उड़ान भरी थी, लेकिन कुछ ही क्षणों में इसका नियंत्रण बिगड़ गया और यह तेजी से नीचे आते हुए केपी कॉलेज के पीछे बने तालाब में गिर गया। घटना के समय विमान में दो पायलट सवार थे। वहीं, जोरदार धमाके जैसी आवाज के कारण मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। चार लोगों ने तुरंत तालाब में कूदकर पायलटों को विमान से बाहर निकाला।
डीसीपी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि एक एयर फोर्स का माइक्रोलाइट 2-सीटर एयरक्राफ्ट संगम से उड़ान भरने के बाद वापस लौट रहा था। अचानक विमान का नियंत्रण बिगड़ गया और यह केपी कॉलेज के पीछे बने तालाब में जा गिरा। विमान में दो पायलट सवार थे, जो पूरी तरह सुरक्षित हैं। मौके पर कोई आम नागरिक घायल नहीं हुआ।
डीसीपी ने कहा कि जैसे ही सूचना मिली, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई और सुरक्षा कड़ी कर दी। स्थानीय थाना पुलिस और अन्य रेस्क्यू टीमें भी मौके पर मौजूद थीं। हादसे के समय स्थानीय लोगों की तत्परता और साहस ने पायलटों की जान बचाई। डीसीपी ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है और वायुसेना भी हादसे की जांच कर रही है। यह विमान नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर था और यह घटना बेहद अचानक हुई।
एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि दोपहर करीब 12:15 बजे उन्हें जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। बाहर देखने पर उन्होंने देखा कि विमान तालाब में गिर गया है। आसपास के लोग तुरंत तालाब में कूदे और मिलकर दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाला और कोई भी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
 

तमिलनाडु में गुरुवार से भारी बारिश का अनुमान, मछुआरों को अलर्ट रहने की सलाह

07-Jan-2026
नई दिल्ली।  ( शोर संदेश ) बंगाल की खाड़ी और भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर गहरे दबाव के बनने के बाद, क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार से अगले कुछ दिनों में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बड़े पैमाने पर बारिश और तेज हवाओं का अनुमान लगाते हुए मौसम का अलर्ट जारी किया है। मछुआरों को इस दौरान समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि मध्य हिंद महासागर और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने एक एटमॉस्फेरिक सर्कुलेशन के कारण 5 जनवरी को शाम 5.30 बजे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और भूमध्य रेखीय हिंद महासागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बन गया। 6 जनवरी को सुबह 5.30 बजे तक, यह सिस्टम गहरे डिप्रेशन में बदल गया और उसी क्षेत्र में बना हुआ है। उम्मीद है कि यह सिस्टम 7 जनवरी को पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर और ज़्यादा मज़बूत होकर कम दबाव का क्षेत्र बन जाएगा।
8 जनवरी को भी इसके इसी दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। कोमोरिन सागर और आस-पास के इलाकों के साथ-साथ लक्षद्वीप और उससे सटे मध्य और पूर्वी अरब सागर पर भी वायुमंडलीय अस्थिरता बनी हुई है, जिससे बारिश होने की उम्मीद है।
वहीं, आज बुधवार 7 जनवरी को तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में एक या दो जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि अंदरूनी तमिलनाडु में ज्यादातर मौसम सूखा रह सकता है। अंदरूनी ज़िलों में कुछ जगहों पर सुबह हल्की धुंध छा सकती है।
8 जनवरी को बारिश की गतिविधि तेज होने की उम्मीद है, तमिलनाडु तट, पुडुचेरी और कराईकल के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है और अंदरूनी तमिलनाडु में कुछ जगहों पर भी बारिश हो सकती है। मयिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तंजावुर, तिरुवरुर, पुदुकोट्टई और कराईकल में एक या दो जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। रामनाथपुरम, शिवगंगा, तिरुचिरापल्ली, अरियालुर, कुड्डालोर, विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू जिलों में भी कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
10 जनवरी को, तट के किनारे कई जगहों पर और अंदरूनी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक वाले तूफान आने की संभावना है। कुड्डालोर, विल्लुपुरम और चेंगलपट्टू में कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पुडुचेरी, चेन्नई, मायिलादुथुराई, नागपट्टिनम, तंजावुर, तिरुवरूर, अरियालुर, पेरम्बलूर, कल्लाकुरिची, तिरुवन्नामलाई, रानीपेट और कांचीपुरम में भारी बारिश होने की संभावना है।
11 और 12 जनवरी को बारिश धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है, हालांकि उत्तरी तटीय और आसपास के अंदरूनी जिलों के कुछ हिस्सों में अभी भी कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। 


 

तमिलनाडु के तीन प्रसिद्ध कृषि उत्पादों के लिए जीआई टैग की मांग: नमक, केला और नींबू को मिलेगी नई पहचान

18-Dec-2025
नई दिल्ली( शोर संदेश )। तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले के तीन मशहूर कृषि उत्पादों, थूथुकुडी नमक, ऑथूर पूवन केला और विल्लिसेरी नींबू के उत्पादकों ने कानूनी सुरक्षा पाने के लिए भौगोलिक संकेत (जीआई) टैग के लिए आवेदन किया है। ये आवेदन राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (एनएबीएआरडी), चेन्नई और एनएबीएआरडी मदुरै कृषि व्यवसाय इनक्यूबेशन फोरम (एमएबीआईएफ) की मदद से किए गए, जिन्होंने उत्पादक समूहों को दस्तावेजीकरण और फाइलिंग में सहायता दी।
थूथुकुडी नमक के लिए आवेदन थूथुकुडी उप्पु उरपत्तियालारगल संगम ने जमा किया है। इस क्षेत्र में नमक पारंपरिक सौर वाष्पीकरण विधि से बनाया जाता है, जिसमें समुद्र के पानी या जमीन के नीचे के खारे पानी को बड़े नमक के क्यारियों में डालकर तेज धूप में सूखने के लिए छोड़ दिया जाता है। इस प्राकृतिक प्रक्रिया से बड़े, सफेद क्रिस्टल वाला नमक बनता है जो अपनी उच्च शुद्धता और गुणवत्ता के लिए जाना जाता है।
थूथुकुडी भारत के कुल नमक उत्पादन में लगभग 30 प्रतिशत का योगदान देता है, जिसमें वेपलोदाई, थारूवैकुलम, मुट्टायापुरम और ओट्टापिडारम जैसे गांवों में लगभग 25,000 से 30,000 एकड़ में नमक की क्यारियां फैली हुई हैं। यहां उत्पादित खाने योग्य और औद्योगिक ग्रेड का नमक घरों के साथ-साथ रसायन, चमड़ा, कपड़ा रंगाई और फार्मास्युटिकल उद्योगों को भी सप्लाई किया जाता है।
11वीं सदी के चोल समुद्री रिकॉर्ड तूतीकोरिन को एक प्रमुख निर्यात बंदरगाह के रूप में पहचानते हैं, जहां मोती और मसालों के साथ नमक भी भेजा जाता था। 19वीं सदी की ब्रिटिश नमक राजस्व रिपोर्ट शहर को मद्रास प्रेसीडेंसी के एक प्रमुख नमक उत्पादक केंद्र के रूप में वर्णित करती हैं।
ऑथूर पूवन केले के लिए जीआई आवेदन ऑथूर पूवन वलाई उरपथियायलारगल संगम ने दायर किया था। तमिरापरानी नहर सिंचाई बेल्ट के किनारे ऑथूर गांव और आस-पास के गांवों में उगाया जाने वाला यह केला अपने खास स्वाद के लिए जाना जाता है, जिसका श्रेय खनिज युक्त सिंचाई के पानी को जाता है।
तीसरा एप्लीकेशन, विल्लीसरी लेमन उरपथियायलारगल संगम की ओर से जमा किया गया, जिसमें कोविलपट्टी के विल्लीसरी नींबू के लिए जीआई स्टेटस मांगा गया है। नींबू की यह पारंपरिक किस्म अपनी तेज खुशबू, ज्यादा रस, तेज खटास, कम बीज और अन्य नींबू किस्मों की तुलना में स्वाभाविक रूप से लंबी शेल्फ लाइफ के लिए जानी जाती है। 
 

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मध्य प्रदेश के सीएम डा. मोहन यादव से की भेंट

08-Dec-2025
भोपाल। ।  ( शोर संदेश ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भोपाल प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से रविवार की शाम समत्व भवन मुख्यमंत्री निवास में सौजन्य भेंट की।

 

बागेश्वर धाम में दीवार ढही, 1 श्रद्धालु की मौत, 10 घायल

08-Jul-2025
छतरपुर( शोर संदेश )  मध्यप्रदेश में छतरपुर जिले के प्रसिद्ध बागेश्वर धाम में मंगलवार तड़के एक धर्मशाला की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर निवासी 40 वर्षीय अनीता देवी की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हो गए हैं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को एम्बुलेंस से छतरपुर जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सभी की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
श्रद्धालुओं के परिजनों ने बताया कि सभी लोग धर्मशाला में सो रहे थे, तभी अचानक दीवार भरभराकर गिर पड़ी और वे मलबे में दब गए। हादसे में उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के अदलाहट गांव की रहने वाली अनीता देवी, पत्नी राजू की मौत हो गई है। कई लोग दीवार के मलबे में दब गए। 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को छतरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि दीवार गिरने के कारणों की जांच की जा रही है। 
छतरपुर सीएमएचओ आरपी गुप्ता का कहना है कि सुबह भारी बारिश के कारण बागेश्वर धाम में एक ढाबे पर दीवार ढह गई। इसके मलबे में दबने से कुछ श्रद्धालु घायल हुए हैं। एक की मौत की जानकारी भी सामने आई है। घायलों को समुचित इलाज कराया जा रहा है। 
ग्राम गढ़ा में स्थित बागेश्वर धाम में अत्यधिक बारिश होने एवं प्राकृतिक आपदा से अचानक घटित हादसे में उत्तर प्रदेश से आए श्रद्धालुओं के घायल होने पर तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया। सिविल सर्जन ने बताया कि चार लोगों की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल ग्वालियर मेडिकल कॉलेज एंबुलेंस के माध्यम रैफर किया गया है। साथ ही पांच लोगों का उपचार किया जा रहा है, जिनकी हालत स्थिर है और तीन लोगों को मामूली चोटे आने पर उपचार के बाद डिस्चार्ज किया गया है। घटना के तत्काल बाद मौके पर एसडीएम सहित जिला प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। साथ ही जिला अस्पताल में घायलों के बेहतर उपचार की जानकारी ली। जिला प्रशासन के निर्देशन में अत्यधिक बारिश होने पर उत्पन्न होने वाली प्राकृतिक आपदा में फंसे होने से बचाव या सहायता के लिए जिला स्तर पर बाढ़ नियंत्रण कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। जिसका नंबर 07682-245376 है। किसी भी घटना की तत्काल जानकारी एवं सहायता के लिए संपर्क किया जा सकता है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले भी धाम में हादसा हो चुका है। 3 जुलाई को भी बागेश्वर धाम परिसर में टेंट गिरने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई थी और 8 लोग घायल हुए थे। टेंट में लगा लोहे का एंगल श्यामलाल कौशल (50) के सिर पर गिर गया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। 
 

सीधी में तूफान और बल्कर की टक्कर, 8 की मौत, 7 घायल

10-Mar-2025
सीधी ( शोर संदेश ) मध्य प्रदेश के सीधी में सिटी कोतवाली इलाके में सोमवार सुबह एक जबरदस्त हादसा हो गया। एक बल्कर और तूफान गाड़ी के बीच जोरदार टक्कर में आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं सात लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उपाधीक्षक गायत्री तिवारी ने बताया कि यह घटना सीधी-बहरी रोड पर उपनी पेट्रोल पंप के पास सुबह करीब 2.30 बजे हुई।

जानकारी के मुताबिक हादसे में मारे गए लोग साहू परिवार, देवरी और पंडरिया बहरी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों में पांच महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। तूफान वाहन में कुल 21 लोग सवार थे, जो मटिहानी से मुण्डन संस्कार के लिए निकले थे। इस भीषण दुर्घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
स्थानीय प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण बताया जा रहा है। पुलिस अब दुर्घटना के असल कारणों की गहराई से जांच कर रही है।

सौर उपकरण बनाने वाली कंपनी में धमाका : 9 की मौत, कई घायल...

17-Dec-2023

नागपुर (शोर सन्देश)। नागपुर में बाजारगांव के पास सौर उपकरण बनाने वाली कंपनी में रविवार सुबह विस्फोट हो गया। धमाके में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए। अधिकारियों के अनुसार, धमाके के समय कंपनी के अंदर कुल 12 कर्मचारी मौजूद थे। विस्फोट कंपनी के एक कास्ट बूस्टर प्लांट में हुआ। इस हादसे को लेकर डिप्टी सीएम ने मुआवजे का एलान किया है। नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने बताया कि नागपुर के बाजारगांव में सौर उपकरण बनाने वाली कंपनी में ब्लास्ट होने से 9 लोगों की मौत हो गई। यह धमाका सोलर एक्सप्लोसिव कंपनी में कास्ट बूस्टर प्लांट में पैकिंग के समय हुआ। धमाके के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा, 'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज नागपुर में सौर कंपनी में हुए धमाके में छह महिलाओं सहित नौ लोगों की मौत हो गई। यह एक कंपनी है, जो रक्षा बलों के लिए ड्रोन और विस्फोटक बनाती है। नागपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक लगातार हम संपर्क में हैं। इसके अलावा आईजी, एसपी और कलेक्टर मौके पर हैं। राज्य सरकार इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच लाख रुपये की सहायता देगी।' सौर उपकरण बनाने वाली कंपनी के वरिष्ठ महाप्रबंधक आशीष श्रीवास्तव ने कहा, 'घटना की सूचना सुबह करीब नौ बजे मिली।  नौ लोगों की मौत हो चुकी है। सभी मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया है। अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, कोयला खनन विस्फोट में इस्तेमाल किए गए विस्फोटक कारखाने में बनाए जा रहे थे। इसी की पैकेजिंग चल रही थी, तभी धमाका हुआ है।

 

शिवराज की विदाई पर उमड़ा जनसैलाब, काफिले को घेरा

14-Dec-2023

भोपाल (शोर सन्देश)। मध्य प्रदेश में नये मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने कामकाज संभाल लिया है। वहीं शिवराज सिंह चौहान अब पूर्व मुख्यमंत्री रह गए हैं। उन्होंने 18 साल तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री पद का दायित्व निभाया है। लेकिन कुर्सी से बेदखल कर दिये जाने के बावजूद लोग अब शिवराज सिंह चौहान के साथ ही खड़े नजर आ रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान को देखते ही लोग नारे लगाने शुरू कर दे रहे हैं। वहीं शिवराज की विदाई पर जनसैलाब उमड़ पड़ा और काफिले को घेर लिया। जब महिलाएं कहती हैं, भैया छोड़ कर मत जाइये, तो वो उनको भरोसा भी दिलाते हैं कि वो कहीं नहीं जा रहे हैं। ये तो वो पहले ही कह चुके हैं कि दिल्ली जाकर कुछ मांगने की जगह वो मरना पसंद करेंगे।


धार्मिक स्थलों से हटेंगे अवैध लाउडस्पीकर : पदभार ग्रहण करते ही सीएम का आदेश...

13-Dec-2023

भोपाल (शोर संदेश)। मुख्यमंत्री पद ग्रहण करने के बाद मध्यप्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक आदेश जारी किया है। इसमें धार्मिक स्थल एवं अन्य स्थानों पर लाउडस्पीकर व डीजे को अवैधानिक रूप से और निर्धारित मापदण्ड से अधिक आवाज में बजाने पर प्रतिबंध लगाये जाने की बात कही गई है। गौरतलब है कि, प्रदेश में धार्मिक स्थल एवं अन्य स्थानों पर मध्य प्रदेश कोलाहल नियंत्रण अधिनियम, ध्वनि प्रदूषण (विनियमन और नियंत्रण) नियम, 2000 के प्रावधानों तथा सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालय द्वारा समय-समय पर जारी दिशा निर्देशों के अनुकम में राज्य शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि किसी भी प्रकार के धार्मिक स्थल अथवा अन्य स्थान में निर्धारित मापदण्ड के अनुरूप ही लाउडस्पीकर व डीजे आदि का उपयोग किया जा सकेगा।

उड़नदस्ते का गठन
बता दें कि लाउडस्पीकर एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियम विरूद्ध तेज आवाज में बिना अनुमति के उपयोग को पूर्णतः प्रतिबंधित किया गया है। राज्य शासन द्वारा ध्वनि प्रदूषण तथा लाउडस्पीकर आदि के अवैधानिक उपयोग की जांच के लिये सभी जिलों में उड़नदस्तों के गठन का निर्णय लिया गया है। उडनदस्तें नियमित और आकस्मिक रूप से धार्मिक और सार्वजनिक स्थानों जहां ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग होता है, उसका निरीक्षण कर सकेगें तथा नियमों के उल्लंघन की स्थिति में अधिकतम 3 दिवस में समुचित जांच कर प्रतिवेदन संबंधित प्राधिकारी को प्रस्तुत करेंगें।

धर्मगुरूओं से करे संवाद
धर्मगुरूओं से संवाद व समन्वय के आधार पर लाउडस्पीकरों को हटाने का प्रयास किया जायेगा तथा ऐसे धार्मिक स्थलों की सूची बनाई जायेगी, जहां उक्त नियमों निर्देशों का अनुपालन नहीं हो रहा है तथा इसकी जिला स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा कर 31 दिसंबर तक पालन प्रतिवेदन गृह विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये है। ध्वनि प्रदूषण के मामलों की सतत निगरानी के लिये अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अपराध अनुसंधान विभाग पुलिस मुख्यालय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी समय-समय पर लाउडस्पीकरों/डीजे आदि के अवैधानिक प्रयोग के संबंध में प्रतिवेदन शासन के समक्ष प्रस्तुत करेगें।



+ Load More

kalyan chart

Feedback/Enquiry



Log In Your Account